Taipei Open Badminton Tournament: ताइपे ओपन में तन्वी शर्मा का दमदार प्रदर्शन, शानदार जीत के साथ फाइनल में बनाई जगह

Taipei Open Badminton Tournament: युवा भारतीय शटलर तन्वी शर्मा ने शनिवार को यहां चीनी ताइपे की हुआंग यु सुन पर सीधे गेम में जीत दर्ज करके ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में प्रवेश किया। पिछले साल के यूएस ओपन सुपर 300 में उपविजेता रही पंजाब की 17 वर्षीय खिलाड़ी तन्वी ने सेमीफाइनल में यु सुन को केवल 33 मिनट में 21-17, 21-11 से पराजित किया।

जूनियर विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता तन्वी रविवार को होने वाले फाइनल में हमवतन उन्नति हुडा या वियतनाम की छठी वरीयता प्राप्त न्गुयेन थुई लिन्ह में से किसी एक से भिड़ेंगी। तन्वी 2024 मेंं बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम का हिस्सा थीं।

उन्होंने पिछले दो वर्षों में काफी प्रगति की है। तन्वी ने 2025 में ओडिशा मास्टर्स सुपर 100 और गुवाहाटी मास्टर्स सुपर 100 में उपविजेता रहने के अलावा 2024 में बॉन इंटरनेशनल और 2025 में डेनमार्क चैलेंज जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *