शादी के महज 18 दिन बाद पहली बार मायके जा रही नवविवाहिता ने पति को बड़ा झटका दिया। नवगछिया बाजार में पति रसगुल्ला खरीदने के लिए दुकान गए, तब तक कथित प्रेमी के साथ वह फरार हो गई।
पति की सूचना पर डायल-112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात करीब दो बजे नवविवाहिता और उसके कथित प्रेमी को राघोपुर बहतरा से बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के सुखसेना निवासी तारावती कुमारी की शादी सात अगस्त को नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार से हुई थी।
मंगलवार को वह पहली बार पति के साथ मायके जा रही थी। रास्ते में उसने ससुराल वालों के लिए रसगुल्ला खरीदने की बात कही। दोनों नवगछिया बाजार के मिल टोला स्थित सोनी डेयरी पहुंचे।
पति जब रसगुल्ला खरीदने में व्यस्त था, तभी नवविवाहिता कथित रूप से पहले से संपर्क में रहे प्रेमी उत्कर्ष कुमार के साथ वहां से निकल गई। पति ने खोजबीन की और डायल-112 को सूचना दी।
जांच में प्रेमी का पता बोरवा गांव मिला। वहां से मिली जानकारी के आधार पर नवविवाहिता के राघोपुर बहतरा में होने की सूचना मिली। इसके बाद ईआरवी-14 जहान्वी चौक की टीम राहुल राज व चालक चंद्रशेखर यादव के साथ वहां पहुंची और रात करीब दो बजे दोनों को बरामद कर लिया।
परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी सिन्हा ने बताया कि पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाना में आवेदन दिया था। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।











