पटनावासियों के लिए गुड न्यूज़: मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर चालू, अब जंक्शन से बाईपास तक बिना रुके दौड़ेंगे वाहन

राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव के बीच मीठापुर से बाईपास की ओर जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। मीठापुर-करबिगहिया नवनिर्मित फ्लाईओवर और सर्विस पथ के शुरू होने से अब मीठापुर गोलंबर से करबिगहिया गोलंबर, पुराने बस स्टैंड और एनएच-30 (बाईपास) की ओर आवागमन पहले की तुलना में आसान हो गया है।

सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि बाईपास से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को पुराने जाम वाले रास्तों में फंसने की समस्या कम होगी।

परियोजना के फेज-एक के निर्माण पर करीब 249 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसके तहत चार लेन का 1150 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया गया है। फ्लाईओवर का कैरिजवे 7.50 मीटर चौड़ा है। पथ निर्माण विभाग की देखरेख में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने इसका निर्माण कराया है।

फ्लाईओवर शुरू होने से मीठापुर गोलंबर से पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित कृषि भवन, चाणक्य राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (सीएनएलयू) और निफ्ट तक सीधी और सुगम पहुंच मिलेगी। इन संस्थानों में रोजाना आने वाले हजारों छात्र, शिक्षक और कर्मचारी इससे लाभान्वित होंगे।

पहले जाम और अधिक यातायात के कारण इस दूरी को तय करने में अतिरिक्त समय लगता था। अब निर्बाध रास्ता मिलने से आने-जाने का समय कम होगा।

पटना जंक्शन और कंकड़बाग जाने वालों को भी राहत

फ्लाईओवर से जीपीओ गोलंबर से पटना जंक्शन का दक्षिणी द्वार और कंकड़बाग की ओर जाने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी।

मीठापुर और करबिगहिया के बीच यातायात का दबाव कम होने से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में इसका सीधा लाभ दैनिक यात्रियों को मिलेगा।

पटना से गया और डोभी आईएमसी तक आसान होगी कनेक्टिविटी

मीठापुर से आगे महुली होते हुए गया की ओर जाने वालों के लिए भी यह परियोजना महत्वपूर्ण है। नया मार्ग महुली एलिवेटेड रोड के जरिए गया जाने वाले हाईवे से जुड़ता है। इससे पटना के अंदरूनी हिस्सों से गया की ओर जाने वालों को अपेक्षाकृत सीधा और सुगम रास्ता मिलेगा।

गया धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है। पितृपक्ष मेला और विष्णुपद मंदिर के कारण यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

वहीं, डोभी में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर (आईएमसी) से भी पटना की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पटना एयरपोर्ट और शहर से गया अथवा आईएमसी की ओर जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग उपयोगी साबित होगा।

बाईपास से शहर में प्रवेश आसान

इस परियोजना का एक बड़ा फायदा बाईपास से पटना शहर में आने वाले वाहनों को मिलेगा। एनएच-30 से मीठापुर की ओर आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक और बेहतर मार्ग उपलब्ध होने से शहर के अंदर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

मीठापुर-करबिगहिया क्षेत्र में वाहनों के सुगम परिचालन से आसपास के इलाकों में भी जाम की स्थिति में सुधार की उम्मीद है।

पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बताया कि फ्लाईओवर और पहुंच पथ शुरू होने से मीठापुर गोलंबर से पुराने बस स्टैंड क्षेत्र, करबिगहिया स्टेशन और कंकड़बाग की ओर आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे दैनिक यात्रियों के समय की बचत होगी और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *