उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में जदयू के प्रत्याशी भी मैदान में होंगे। ग्रामीण विकास व सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री, और उत्तर प्रदेश के जदयू प्रभारी श्रवण कुमार ने रविवार को मेरठ के खंडौली गांव में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में यह बात कही।
उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व का निर्णय होता है तो विधानसभा चुनाव में यूपी की विभिन्न सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे।
यहां से पश्चिमी यूपी में पार्टी की सक्रियता, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संदेश दिया गया।
जन-जन तक पहुंचाएं पार्टी की नीति
श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने जिलाध्यक्षों के हाथ मजबूत करें और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनहित और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए गए।
शराबबंदी का उल्लेख करते हुए कहा कि जदयू सरकार ने सामाजिक सुधार और जनहित को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
यूपी जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने सभी जिलाध्यक्षों एवं पदाधिकारियों से कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं।
इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में ‘एक बूथ-10 यूथ’ अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए और प्रत्येक बूथ पर युवा कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार की जाए।











