Bihar News: अब बुडको की योजनाओं पर नहीं चलेगी लापरवाही! AI डैशबोर्ड से होगी रियल टाइम निगरानी

बिहार में बुडको की परियोजनाओं की निगरानी अब आधुनिक तकनीक के जरिए होगी। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने बुडको की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए परियोजनाओं की रियल टाइम निगरानी के लिए एआइ आधारित डैशबोर्ड तैयार करने का निर्देश दिया है। इससे योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।

काम की रफ्तार से लेकर गुणवत्ता तक, हर अपडेट पर रहेगी नजर

मंत्री ने कहा कि परियोजनाओं का लक्ष्य केवल निर्माण पूरा करना नहीं, बल्कि समय पर टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियां तैयार करना है। उन्होंने समयबद्धता, गुणवत्ता और बेहतर फिनिशिंग को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

मंगलवार को बुडको कार्यालय में हुई बैठक में स्टार्म वाटर ड्रेनेज, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, नमामि गंगे और जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। लंबित परियोजनाओं के लिए जिला और योजना-वार विस्तृत वर्क प्लान बनाने को कहा गया।

लंबित योजनाओं की बनेगी जिला-वार कुंडली

मंत्री ने संबंधित एजेंसियों से हर परियोजना के लिए स्पष्ट समयसीमा लेने का निर्देश दिया। पाइपलाइन में चल रही योजनाओं को चालू वित्त वर्ष में पूरा करने तथा टेंडर और कार्य आवंटन में अनावश्यक देरी रोकने को कहा गया।

परियोजनाओं में देरी की स्थिति पर जिम्मेदारी तय करने के साथ काम की नियमित निगरानी की जाएगी। निर्माण स्थलों पर निरीक्षण की व्यवस्था मजबूत करने और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करने का निर्देश दिया गया।

AI डैशबोर्ड में जुड़ेंगे MIS से फाइल ट्रैकिंग तक के सिस्टम

परियोजनाओं की रियल टाइम निगरानी के लिए एआइ डैशबोर्ड, एमआइएस, इंजीनियरिंग रिपोर्ट, फाइल ट्रैकिंग और संवेदक डाटाबेस को एकीकृत करने का निर्देश दिया गया है। इससे योजनाओं से जुड़ी सूचनाएं एक ही सिस्टम पर उपलब्ध कराने की तैयारी है।

मंत्री ने इंजीनियरों के प्रशिक्षण, नियमित साइट विजिट और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया। सभी 38 जिलों में बुडको के कार्यालयों को मजबूत करने तथा नगर निकायों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही।

पुरस्कृत होंगे बेहतर काम करने वाले, लापरवाही पर डिबार

बैठक के दौरान मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि बेहतर गुणवत्ता और तय समयसीमा में काम पूरा करने वाले संवेदकों को सरकार प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करेगी। वहीं लगातार खराब प्रदर्शन या काम में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार डिबार की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सतर्क और जवाबदेह रहने का निर्देश दिया। यानी बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहन और लगातार लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की नीति अपनाई जाएगी।

ये होंगे बड़े टारगेट

  • बुडको की पाइपलाइन में चल रही योजनाओं को वर्तमान वित्तीय वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य।
  • निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं।
  • ऑनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम और ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करना।
  • नियमित निरीक्षण, साइट विजिट और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा देना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *