UP चुनाव से पहले ओवैसी को बड़ा झटका, AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार कांग्रेस में हुए शामिल

साल 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे आसिम वकार ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है. बता दें यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया गया. इस मौके पर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी मौजूद रहे. अब आसिम वकार के कांग्रेस में शामिल होने से यूपी की सियासत में नई चर्चाएं तेज हो गई हैं.

बीजेपी पर क्या बोले आसिम वकार?

कांग्रेस में शामिल होने के बाद सैयद आसिम वकार ने AIMIM छोड़ने की वजह भी बताई. उन्होंने कहा, ‘हम बीजेपी से लड़ ही नहीं रहे थे, देश चाहता है कि बीजेपी को हटाए.” वकार ने आगे कहा ‘अगर सच में बीजेपी को हटाना है तो कांग्रेस के साथ रहना चाहिए.’ उनके इस बयान को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले विपक्षी राजनीति में अपनी नई भूमिका तय करने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

राहुल गांधी को लेकर कही ये बात

कांग्रेस में शामिल होने के बाद आसिम वकार ने राहुल गांधी को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा ‘मैं राहुल गांधी को देश का पीएम बनाना चाहता हूं.’ AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे वकार का कांग्रेस में जाना ओवैसी की पार्टी के लिए अहम राजनीतिक झटका माना जा रहा है. वहीं, कांग्रेस के लिए यह यूपी में मुस्लिम वोटरों और विपक्षी राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *