पटना को 530 करोड़ के 3 मेगा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की सौगात, 261 करोड़ से बदलेंगे वेंडिंग जोन

नगर निगम की सशक्त स्थाई समिति की बैठक बुधवार को करीब 70 मिनट चली। इस दौरान 93 योजनाओं को स्वीकृति दी गई। अब इन योजनाओं पर अंतिम निर्णय आगामी निगम पर्षद की बैठक में लिया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता महापौर सीता साहू ने की।

इसमें उप महापौर रेशमी कुमार, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, सशक्त स्थाई समिति के सदस्य और निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए बिहार अर्बन ट्रांसफार्मेशन प्रोजेक्ट के तहत तीन कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण को स्वीकृति मिली है। इन पर 530.09 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिसके लिए विश्व बैंक से वित्तीय सहायता मिलेगी।

पटना में बढ़ते शहरीकरण और लोगों की जरूरतों को देखते हुए इन कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। इन परिसरों में कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, किराना सामान, फूड कोर्ट और मनोरंजन जैसी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को खरीदारी और मनोरंजन के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत कम होगी।

वहीं, दुकानों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से नगर निगम की आय बढ़ेगी। इसके साथ ही पटना नगर निगम की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर पाटलिपुत्र महोत्सव के आयोजन को स्वीकृति मिली है।

महोत्सव से पर्यटन, रोजगार, शिल्प और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे करीब 325 से 540 करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ हो सकता है। महोत्सव के आयोजन पर करीब 20 से 25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

इन तीन जगहों पर बनेंगे कमर्शियल कॉम्प्लेक्स व लागत (रुपये में)

  • बांकीपुर अंचल के आर्य कुमार रोड में 1.20 एकड़ जमीन पर – 133.09 करोड़
  • बांकीपुर अंचल के खेतान मार्केट के पास एक एकड़ जमीन पर – 97 करोड़
  • पाटलिपुत्र अंचल में एएन कालेज पानी टंकी के पास तीन एकड़ जमीन पर – 300 करोड़

261 करोड़ से 15 वेंडिंग जोन और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स परिसर होंगे विकसित

नगर निगम क्षेत्र में 261.84 करोड़ से 15 वेंडिंग जोन, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, सामुदायिक भवन और विवाह भवन के निर्माण को स्वीकृति मिली गई। निगम के स्वामित्व और अधीनस्थ स्थलों के साथ पुलों के नीचे इनका निर्माण कराया जाएगा।

इसका उद्देश्य फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराना और सड़क व फुटपाथ से अतिक्रमण कम करना है। इससे आम नगम की आय भी बढ़ेगी। इन योजनाओं का क्रियान्वयन म्यूनिसिपल बांड के माध्यम से कराया जाएगा।

वार्ड एक में मछली बाजार, वार्ड 27 में अंटा घाट, वार्ड 11 में बेउर मोड़, वार्ड 34 में मछली मार्केट टेंपो स्टैंड, वार्ड 43 के बहादुरपुर, वार्ड 49 में एनआइटी मोड़, वार्ड 54 में डंका, वार्ड 53 में गायघाट तथा वार्ड 62 में सती चौराहा के पास वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा।

बोरिंग रोड चौराहे से राजापुर पुल तक पार्किंग व वेंडिंग शाप, राजापुर पुल के पास कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, वार्ड चार में शेखपुरा मोड़ के पास होटल, वार्ड 50 के तहत मुसल्लहपुर हाट में वेंडिंग जोन व मैरिज हाल, वार्ड 43 में प्रेमचंद गोलंबर के पास मैरिज हाल तथा वार्ड 57 में मीना बाजार के पास वेंडिंग जोन और कम्युनिटी हाल बनेगा।

12 रोबोटिक रोवर मशीनों की होगी

मैनहोल, नालों और सफाई कार्य के लिए 12 रोबोटिक रोवर मशीनें खरीदी जाएंगी। ये मशीनें हल्के मोटर वाहनपर लगी होंगी और इनके संचालन व रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल होगी। इसकी स्वीकृति मिल गई है।

चार साल के लिए नई सफाई एजेंसी होगी

नगर निगम में चार साल के लिए सफाई एजेंसी के चयन की दोबारा निविदा निकालने को स्वीकृति दी गई है। इससे पहले एजेंसी के चयन के लिए निविदा जारी की गई थी, लेकिन उसे रद कर दिया गया था। अब नए सिरे से निविदा के माध्यम से एजेंसी का चयन होगा।

चयनित एजेंसी घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपने वाहनों डोर-टू-डोर कचरा उठाएगी, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण करेगी और उसे ट्रांसफर स्टेशन या प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाएगी। इसके साथ ही मैनुअल और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग का काम भी एजेंसी के जिम्मे होगा।

इन महत्वपूर्ण योजनाओं को भी मिली स्वीकृति

  • पार्षद एक करोड़ योजना 4.0 के तहत 849 योजनाओं को स्वीकृति
  • भविष्य निधि के दोनों अंश की राशि प्राप्त करने वाले सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन
  • कार्यरत एजेंसियों की अवधि विस्तार
  • सड़कों व नालों का निर्माण व मरम्मत
  • नई जलापूर्ति पाइपलाइन बिछाने, विस्तार और कनेक्शन देने
  • उच्च प्रवाह क्षमता की बोरिंग लगाने
  • सामुदायिक भवन और सड़क का नामकरण
  • वार्ड 62 में दो मंदिरों के ऊपर हाल का निर्माण
  • पिंक टॉयलेट के लिए तीन सबमर्सिबल
  • शौचालय निर्माण
  • सामुदायिक भवन पुनर्निर्माण
  • नई स्ट्रीट लाइटों व पूर्व से लगी स्ट्रीट लाइटों का ऑटोमेशन
  • 93 जलापूर्ति केंद्रों में क्लोरिनेटर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *