कौशांबी ब्लास्ट का आरोपी शकील पकड़ा गया तो जोड़ने लगा हाथ, बोला- ‘मेरा घर-दुआर सब गिर गया, मुझे माफ कर दें’

कौशांबी के महमूदपुर मनौरी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी शकील अहमद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में देवर कोतारी के पास एसओजी और मंझनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की. पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान शकील के बाएं पैर में गोली लगी. उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई. पुलिस ने उसके पास से तमंचा, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस के अलावा बाइक भी बरामद की है. इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है.

गिरफ्तारी के बाद हाथ जोड़कर मांगी माफी

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद शकील अहमद हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया. कैमरे में रिकॉर्ड हुए बयान में उसने हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों से माफी मांगते हुए कहा, ‘मेरा घर-दुआर सब गिर गए हैं. मेरे बच्चे भी सब इधर-उधर हो गए हैं. उन सब लोगों से मैं हाथ जोड़ता हूं जिनके घर के लोग मरे हैं. मुझे माफ कर दें.’ उसका यह बयान गिरफ्तारी के बाद सामने आया है. वहीं पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसके पास से मिले हथियार व कारतूस को जांच के लिए कब्जे में लिया है.

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

डीएसपी मंझनपुर सौरभ सावंत के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिपरी थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 219/26 का वांछित आरोपी शकील अहमद इलाके से निकलकर फरार होने की कोशिश कर रहा है. उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. सूचना मिलते ही मंझनपुर पुलिस और एसओजी की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह घिरता देखकर पुलिस टीम पर हमला करने लगा.

पुलिस बोली- आरोपी ने की फायरिंग

पुलिस के अनुसार संदिग्ध ने जान से मारने की नीयत से अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग की. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई. इस दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई. पुलिस टीम ने मौके पर उसे काबू में लिया और पूछताछ की तो उसकी पहचान शकील अहमद के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए. पुलिस ने वह बाइक भी कब्जे में ले ली, जिस पर सवार होकर शकील इलाके से निकलने की कोशिश कर रहा था. घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है.

31 अगस्त को हुआ था विस्फोट

दरअसल पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी में 31 अगस्त को पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ था. इस हादसे में अब तक 14 लोगों की जान जा चुकी है. घटना के बाद पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. इसके बाद से ही पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई शुरू कर रखी थी. पुलिस के मुताबिक मामले के मुख्य आरोपी नौशाद समेत चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. अब पांचवें आरोपी के तौर पर शकील अहमद की गिरफ्तारी हुई है. घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.

पुलिस जांच जारी

शकील की गिरफ्तारी को पुलिस इस मामले में अहम कार्रवाई मान रही है. मुठभेड़ के दौरान उसके पास से मिले तमंचे, कारतूस और बाइक को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट से जुड़े पूरे मामले में आरोपियों की क्या भूमिका थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *