उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में डिबाई सीट से पूर्व विधायक भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पर पत्नी और कांग्रेस नेत्री अर्चना पांडा से मारपीट और बदसलूकी के आरोप में केस दर्ज किया गया है. दोनों के बीच 2 सितंबर को किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. अब घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें अर्चना जमीन पर गिरी नजर आ रही हैं और गुड्डू पंडित उनके बाल खींचते दिखाई दे रहे हैं. अर्चना की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
धक्का देने और मारपीट का आरोप
बुलंदशहर के शिकारपुर बाईपास रोड पर पुराने आरटीओ ऑफिस के पास गुड्डू पंडित का घर है, जहां उनकी पत्नी अर्चना पांडा रहती हैं. अर्चना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे के साथ घर के अंदर थीं. इसी दौरान गुड्डू पंडित वहां पहुंचे और दरवाजा खटखटाते हुए चिल्लाने लगे. आरोप है कि दरवाजा खोलने पहुंचीं अर्चना को उन्होंने जबरन धक्का दे दिया, जिससे वह फर्श पर गिर गईं. शिकायत के मुताबिक, इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और अश्लील व अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया.
बाल खींचते नजर आए पूर्व विधायक
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें अर्चना फर्श पर गिरी हुई दिखाई देती हैं, जबकि गुड्डू पंडित उनके बाल पकड़कर उन्हें खींचते नजर आ रहे हैं. वीडियो में अर्चना खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई देती हैं और इसी दौरान वह झाड़ू से गुड्डू पंडित को मारती हैं. अर्चना के मुताबिक, मारपीट के दौरान उनकी चीख-पुकार सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा और उसने मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. वीडियो बनता देखकर आरोपी पीछे हट गया.
जान बचाकर सड़क पर भागीं
अर्चना ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और घर से निकलकर सड़क की तरफ भागीं. इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी. शिकायत में अर्चना ने खुद और अपने बच्चे की जान को खतरा बताया है. उन्होंने पुलिस से परिवार की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग भी की है. उन्होंने अपनी शिकायत में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है.
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले में अर्चना पांडा की तहरीर के आधार पर बुलंदशहर की कोतवाली नगर पुलिस ने गुड्डू पंडित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है











