विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के संस्थापक एवं पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा है कि निषाद समाज अब जागरूक हो चुका है और अपने हक-अधिकार के लिए एकजुट होकर आंदोलन करेगा।
सहनी गुरुवार को उत्तर प्रदेश दौरे के दौरान आज भदोही में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। सहनी ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में रात्रि विश्राम कर समाज के लोगों, युवाओं, बुद्धिजीवियों एवं पदाधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं।
भीषण गर्मी और 44 डिग्री तापमान के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी यह दर्शाती है कि निषाद समाज अपने अधिकारों के लिए अब पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने घोषणा की कि आगामी 25 जुलाई से बिहार और उत्तर प्रदेश में आरक्षण संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में माता-बहन, नौजवान, अभिभावक एवं समाज के लोग गंगाजल हाथ में लेकर यह संकल्प लेंगे कि 2027 से पहले निषाद समाज का आरक्षण लेकर रहेंगे। यदि भाजपा सरकार निषाद समाज को आरक्षण नहीं देती है, तो 2027 में समाज भाजपा को वोट नहीं देगा।
ऐसा प्रतीत होता है कि डॉ. संजय निषाद ने समाज के मुद्दों पर समझौता कर लिया है। दिल्ली और बंगाल जैसे राज्यों में निषाद समाज की विभिन्न उपजातियों को आरक्षण का लाभ मिल रहा है, तो उत्तर प्रदेश में भी निषाद समाज को समान अधिकार मिलना चाहिए।
इसके लिए अगले छह महीनों में संगठन को मजबूत कर प्रदेशव्यापी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीआईपी पार्टी का स्पष्ट नारा है आरक्षण नहीं तो गठबंधन नहीं, गठबंधन नहीं तो वोट नहीं।
इसी संकल्प के साथ पार्टी उत्तर प्रदेश में आंदोलन को मजबूत करेगी और समाज को संगठित कर उसकी आवाज दिल्ली और लखनऊ तक पहुंचाएगी।











