सीतामढ़ी में छेड़खानी के शक में दी सजा, अब खुद कानून के घेरे में ‘राठौड़ सर’

सीतामढ़ी में छेड़खानी के आरोप से जुड़े एक मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब एक व्यक्ति की पिटाई और अमानवीय व्यवहार का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

आरोप है कि निजी कोचिंग संचालक इंद्रजीत कुमार राठौड़ उर्फ ‘राठौड़ सर’ ने कथित तौर पर युवक को सजा देने के नाम पर कानून अपने हाथ में ले लिया।

वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। अब जो दूसरों को सबक सिखाने निकला था, वह खुद कानून के शिकंजे में फंस गया है।

बता दें कि नगर थाना क्षेत्र के रिंग बांध इलाके में छेड़खानी के आरोप में एक व्यक्ति के साथ मारपीट और अमानवीय प्रताड़ना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से हड़कंप मच गया है।

मामले के तूल पकड़ते ही पुलिस प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाया है और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्रसारित वीडियो में एक निजी कोचिंग संचालक द्वारा एक व्यक्ति के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद छेड़खानी के आरोप से जुड़ा हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीर मानते हुए स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है।

यदि किसी प्रकार की घटना या विवाद हुआ है तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए थी, न कि खुद न्याय करने की कोशिश करनी चाहिए थी।

नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी ने बताया कि प्रसारित वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपित की पहचान इंद्रजीत कुमार राठौड़ उर्फ ‘राठौड़ सर’ के रूप में हुई है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है।
उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इधर, मंगलवार की सुबह कोचिंग संस्थान से जुड़े शिक्षक नगर थाना पहुंचे और मामले को पहली गलती बताते हुए पुलिस से राहत देने की मांग की। हालांकि, पुलिस ने किसी भी तरह की नरमी बरतने से इनकार कर दिया।

शिक्षकों ने थाना में आवेदन देकर क्षेत्र में छेड़खानी की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता जताई।स्थानीय लोगों के अनुसार रिंग बांध क्षेत्र में लंबे समय से मनचलों द्वारा छेड़खानी की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *