उत्तर प्रदेश में लगातार पड़ रही गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी संभावना जताई है. आज यानि 5 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का रुख बदल सकता है. मौसम विभाग ने दर्जनों जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसे देखते हुए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में तेज आंधी और बारिश की संभावना है. इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.
येलो अलर्ट वाले जिलों में भी चलेगी तेज हवा*
आजमगढ़, मऊ, बलिया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, एटा, मैनपुरी, औरैया और बिजनौर सहित कई जिलों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर झोंके इससे भी अधिक तेज हो सकते हैं. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
40 से ज्यादा जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के पूर्वी, पश्चिमी और बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है. प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, कानपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मथुरा, बांदा, चित्रकूट, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, झांसी और ललितपुर समेत 40 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग ने किसानों, वाहन चालकों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.











