बिहार विधान परिषद चुनाव में सभी 10 उम्मीदवारों का निर्विरोध चयन हो गया है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के 4-4 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खाते में 1-1 सीट गई है।
निर्विरोध चुने गए सदस्यों में बीजेपी की ओर से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता पवन सिंह का नाम भी शामिल है।
पवन सिंह के एमएलसी बनने पर लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पवन सिंह को दी बधाई
शनिवार को मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव ने पवन सिंह को इस कामयाबी के लिए शुभकामनाएं दीं।
जब मीडिया ने तेज प्रताप यादव से पवन सिंह के मंत्री बनने को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि अगर वह मंत्री बनते हैं, तो यह अच्छी बात है और इसके लिए भी उन्हें अग्रिम बधाई।
खान सर को नहीं करते समर्थन
इस दौरान बातचीत में जब आरजेडी समर्थक और भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव द्वारा शिक्षक खान सर को सपोर्ट करने का मुद्दा उठा, तो तेज प्रताप ने स्पष्ट किया कि वे व्यक्तिगत रूप से खान सर का समर्थन नहीं करते हैं।
कंगन विवाद पर भी बोले
इसके अलावा, हालिया ‘कंगन विवाद’ पर अपनी राय रखते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि कंगन चाहे सोने का हो या हीरे का, अक्सर लोग अपनी खुशी और सम्मान व्यक्त करने के लिए कलाकारों को ऐसी चीजें भेंट या दान करते हैं।
उन्होंने इसे एक सामान्य बात बताते हुए कहा कि इसमें किसी भी तरह का विवाद खड़ा करने जैसी कोई बड़ी बात नहीं है।











