बिहार में जीविका दीदियों को मिलेगी 125 दिन के रोजगार की गारंटी, 6715 करोड़ से शुरू होगी नई योजना

सरकार विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन ग्रामीण (वीबी जी राम जी) में अकुशल श्रमिकों के साथ ही जीविका दीदियों को भी रोजगार देगी। अभी तक मनरेगा के तहत जीविका दीदियों को रोजगार नहीं मिलता था।

ग्रामीण विकास विभाग की ओर सोमवार को अधिवेशन भवन में उप विकास आयुक्तों एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण में यह बात उभर कर सामने आई। अहम यह है कि बिहार पहला ऐसा राज्य है जहां वीबी-जी राम जी को सबसे पहले लागू किया गया।

1 जुलाई से लागू होगी योजना

पहली जुलाई से योजना के लागू होने के बाद जीविका दीदियों के लिए गांवों में आधुनिक ग्रामीण हाट बनाने के साथ-साथ इनका राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग भी किया जाएगा। किसानों के उत्पादों को भंडारित करने के लिए भी तकनीकी आधारित सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) अधिनियम के तहत अकुशल श्रम कार्य करने के इच्छुक पात्र ग्रामीणों को प्रति वर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी।

उन्होंने योजना के मुख्य बिंदुओं पर की चर्चा करते हुए कृषि और मौसम आधारित योजनाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया है। केंद्र सरकार से सभी राज्यों में बीवीजीरामजी के तहत एक समान मजदूरी निर्धारित करने के साथ-साथ पूर्व की लंबित राशि को शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया।

‘बिहार का विकसित होना जरूरी’

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के निदेशक संजय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से तय किए गए विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत सभी काम व्यवस्थित तरीके से होना चाहिए। केंद्र सरकार ने बिहार के लिए 6715 करोड़ रुपये का अंतरिम आवंटन दिया है। यह राशि वर्तमान वित्तीय वर्ष के बचे हुए नौ महीनों के लिए है।

कार्यक्रम को ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के परियोजना पदाधिकारी नबनीता दास ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *