घोसी थाना क्षेत्र के चिरी गांव के समीप गुरुवार की देर शाम एक एसटीएफ जवान की मौत स्वयं की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली से हो गई। मृत जवान धीरज कुमार नालंदा जिले के रहुई थाना के रघुनाथपुर गांव के निवासी थे, जो गया एसटीएफ एसओजी 9 यूनिट में कार्यरत थे।
इस बाबत पूछने पर घोसी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि एसटीएफ जवान सूचना संकलन के लिए स्कॉर्पियो पर सवार होकर घोसी इलाके में आए थे।
चिरी गांव के समीप रास्ते में स्पीड ब्रेकर पर झटके से उनकी कमर में रही लोडेड सर्विस रिवॉल्वर से फायर हो गया और गोली उनकी कमर में लगकर आरपार हो गई।
इलाज के लिए पीएचसी लेकर पहुंचे सहयोगी जवान
गोली लगने के बाद स्कॉर्पियो पर सवार उनके सहयोगी जवान उन्हें इलाज के लिए आनन-फानन घोसी पीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तबतक देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के उपरांत जवान को मृत घोषित कर दिया। अत्यधिक खून बहने से जवान की मौत हो गई।
एसडीपीओ-टू कृति कमल ने बताया कि किसी बड़े मूवमेंट में सूचना संकलन के लिए एसटीएफ जवान निकले थे, इसी दौरान उनका हथियार स्वत: फायर हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
एसटीएफ एसओजी 9 यूनिट में तैनात एसटीएफ जवानों को आसपास के जिलों में आपराधिक मूवमेंट में सूचना संकलन के लिए लगाया जाता है, जिसमें क्षेत्र भ्रमण के दौरान यह हादसा हो गया। गौर हो कि
गुरुवार की सुबह सुजातपुर गांव में तिलक समारोह के दौरान हुए 10 वर्षीय बालक रोशन कुमार की हत्या का मामला सामने आया था। सूचना के अनुसार उसी मामले में जवान सूचना संग्रह करने निकले थे। मृत जवान का पार्थिव शरीर देर शाम तक घोसी पीएचसी में रखा था।











