Udaan Scheme Bihar: जिला मुख्यालय स्थित हवाई अड्डा मैदान से जल्द ही छोटे विमानों की उड़ान शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत मोतिहारी को क्षेत्रीय हवाई संपर्क से जोड़ने की दिशा में कवायद तेज कर दी गई है।
प्रारंभिक प्रक्रिया के तहत विशेषज्ञों की टीम ने हवाई अड्डा मैदान का भौतिक निरीक्षण पूरा कर लिया है। अब तकनीकी सहमति मिलने के बाद उपलब्ध करीब 25 एकड़ भूमि पर हवाई पट्टी (रनवे) के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।
छोटे घरेलू विमानों का होगा परिचालन
प्रस्तावित हवाई पट्टी से छोटे घरेलू विमानों का परिचालन किया जाएगा, जिससे मोतिहारी सहित पूरे पूर्वी चंपारण के लोगों को सीधी हवाई यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। इससे क्षेत्र में व्यवसाय, पर्यटन और निवेश को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से ऐतिहासिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण चंपारण क्षेत्र को देश के अन्य प्रमुख शहरों से बेहतर हवाई संपर्क मिलने का रास्ता साफ होगा।
भूमि की उपलब्धता का आकलन
विशेषज्ञों की टीम ने स्थल का भौतिक निरीक्षण कर भूमि की उपलब्धता, रनवे निर्माण की संभावनाओं तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का बारीकी से आकलन किया है। इस निरीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक सरकारी स्वीकृतियां मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जाएंगे।
आर्थिक विकास की नई उम्मीद
हवाई पट्टी के निर्माण और यहां से विमान सेवा शुरू होने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है। जिले में हवाई सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से उठती रही है। लोगों का मानना है कि मोतिहारी से उड़ान शुरू होने पर न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि जिले के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी एक नई दिशा मिलेगी।
वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।











