अब डिग्री के साथ नौकरी का अनुभव भी, एलएनएमयू के चार कॉलेजों में शुरू होंगे नए कोर्स

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अधीन चार प्रमुख अंगीभूत महाविद्यालयों और व्यावहारिक प्रशिक्षण बोर्ड (पूर्वी क्षेत्र), कोलकाता के बीच एप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम के संचालन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

विश्वविद्यालय मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने की। मौके पर बिहार शिक्षा विभाग के पूर्व सचिव एवं वर्तमान में सीआरआईएसपी के अध्यक्ष बैद्यनाथ यादव तथा बीओपीटी के निदेशक डा. एसएम एजाज अहमद भी उपस्थित थे।

इस समझौते के तहत नामांकित छात्र-छात्राओं को पारंपरिक डिग्री शिक्षा के साथ-साथ सीधे उद्योगों में ‘आन-द-जाब ट्रेनिंग’ (व्यावहारिक प्रशिक्षण) प्राप्त होगी। इससे न सिर्फ उनकी किताबी जानकारी मजबूत होगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास और रोजगार क्षमता में भी वृद्धि होगी।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री बांटना नहीं, बल्कि युवाओं को उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल और आत्मनिर्भर बनाना है।

बैद्यनाथ यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह समझौता बिहार में उच्च शिक्षा को पूरी तरह रोजगारपरक बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी प्रयास है। यह कदम राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए भी एक बेहतरीन नजीर पेश करेगा।

बीओपीटी के निदेशक डा. एसएम एजाज अहमद ने भरोसा दिलाया कि उनका बोर्ड छात्रों को बेहतरीन उद्योगों से जोड़ने, प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और प्लेसमेंट में हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

मौके पर सीएम कालेज के प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद, यूपी कालेज के प्रो. संजय झा, बीआरबी कालेज के डा. जगदीश प्रसाद बैशन्त्री और आरबी कालेज के प्रभारी प्राचार्य ने अपने-अपने संस्थानों की ओर से एमओयू पर हस्ताक्षर किए। बैठक में कुलसचिव डा. दिव्या रानी हांसदा, आईक्यूएसी निदेशक डा. मो. जेया हैदर, मेरु के नोडल पदाधिकारी अमृत कुमार झा, एमओयू समन्वयक डा. मनु राज शर्मा, प्लेसमेंट समन्वयक डा. अतनु बैनर्जी भी मौजूद थे।

इन महाविद्यालयों में शुरू होंगे पाठ्यक्रम

इस एमओयू के तहत सीएम कालेज, दरभंगा में बीकाम (मेजर – बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एंड इंश्योरेंस) एवं बीए (मेजर – कंटेंट एंड क्रिएटिव राइटिंग), आरबी कालेज दलसिंहसराय में बीएससी (मेजर – डिजिटल इलेक्ट्रानिक्स), बीआरबी कालेज, समस्तीपुर में बीकाम (मेजर – ई-कामर्स) इसके अलावा यूपी कालेज, पूसा में बीए (मेजर – कंटेंट एंड क्रिएटिव राइटिंग) पाठ्यक्रम में पठन-पाठन शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *