हैदराबाद में पति से झगड़ा, मुंगेर में पत्नी ने दी जान; शादी के महज 8 महीने बाद खौफनाक अंत

बरियारपुर थाना क्षेत्र के काजीचक गांव में शादी के महज आठ महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि घटना से ठीक पहले हैदराबाद में रह रहे पति और पत्नी के बीच मोबाइल पर तीखी कहासुनी हुई थी।

कुछ देर बाद पत्नी कमरे में फंदे से लटकी मिली। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने हैं, जबकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, बरियारपुर निवासी रामू कुमार की शादी करीब आठ महीने पहले भागलपुर के बरारी निवासी बलवीर यादव की पुत्री प्रिया कुमारी से हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा।

इसी बीच पति रोजगार के लिए हैदराबाद चला गया। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत के दौरान कहासुनी हुई।

स्वजन के अनुसार, इसके बाद फोन चालू ही रहा। लेकिन पत्नी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। पति ने अनहोनी की आशंका पर घरवालों को कमरे में जाकर देखने को कहा। दरवाजा खोलने पर प्रिया ओढ़नी के सहारे फंदे से लटकी मिली।

सूचना मिलते ही बरियारपुर थाने की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई का कहना है कि मोबाइल फोन में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की कई वायस रिकॉर्डिंग मौजूद हैं। जिनसे अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। पुलिस मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, वायस रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और किसी की भूमिका पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस मामले में बरियारपुर थानाध्यक्ष अमरेश कुमार ने बताया कि मामला आत्महत्या का है, आवेदन प्राप्त होते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई कि जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *