भोजपुर जिले में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर एक व्यवसायी से सोने के आभूषण ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। घटना आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर काली मंदिर के समीप की है।
घटना को लेकर पीड़ित ने नवादा थाना में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कश्यपनगर मोहल्ला निवासी पीड़ित अंजनी कुमार उपाध्याय ने बताया कि वे अपनी बाइक पर सवार होकर जीरोमाइल स्थित टाइल्स दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और उनकी गाड़ी रोककर हेलमेट नहीं पहनने की बात कहने लगे।
बातचीत के दौरान एक अन्य बाइक पर सवार युवक भी वहां पहुंचा। उसने अपने गले से सोने की चेन निकालकर कागज में लपेटी और फिर वापस रखने का नाटक किया। इसके बाद तीनों ने खुद को बिहार पुलिस का अधिकारी बताते हुए अपना आईडी कार्ड भी दिखाया।
आरोपितों ने कहा कि क्षेत्र में छिनतई की घटनाएं बढ़ गई हैं, इसलिए वह अपनी सोने की चेन और अंगूठी निकालकर सुरक्षित कागज में रख लें। झांसे में आकर पीड़ित ने अपने गले से करीब 38 ग्राम वजनी सोने की चेन तथा पुखराज जड़ित सोने की अंगूठी निकालकर उन्हें दे दी।
बदमाशों ने कागज में पत्थर लपेटकर पैकेट वापस कर दिया। कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद जब पीड़ित ने पैकेट खोला तो उसमें चेन और अंगूठी की जगह एक गिट्टी (पत्थर का टुकड़ा) मिला। तब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हो चुकी है।
घटना के बाद पीड़ित ने नवादा थाना पहुंचकर अज्ञात ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। नवादा थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटी है।











