ग्रेटर नोएडा में गुरुवार को एक व्यावसायिक इमारत की नौवीं मंजिल पर आग लग गई, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियों को तैनात किया गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे ने कहा कि दमकल विभाग को सुबह करीब 9.40 बजे टेक जोन-4 में गोल्डन 1 वाणिज्यिक इमारत की नौवीं मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों में कुछ लोगों के इमारत के अंदर फंसे होने की संभावना जताई गई थी, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन को मौके पर भेजा गया।
उन्होंने कहा, ‘जांच करने पर पता चला कि इमारत के अंदर कोई व्यक्ति फंसा नहीं था। जिस कार्यालय में आग लगी वह पहले से ही बंद था।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने लगातार अभियान के बाद आग पर काबू पाया।
सीएफओ ने कहा कि लोगों के फंसे होने की सूचना गलत निकली क्योंकि संबंधित व्यक्ति दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही सुरक्षित बाहर आ गया था।
अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और इसके कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।











