जमुई: 5 लाख नहीं मिले तो दूल्हे ने दूसरी जगह रचाई शादी, लड़की के पिता को दी जान से मारने की धमकी; FIR दर्ज

खैरा थाना क्षेत्र के गंगरी (विशनपुर) गांव निवासी साकेंद्र यादव ने अपनी पुत्री की शादी झाझा थाना क्षेत्र के रजला गांव निवासी चंद्रकांत यादव के पुत्र अनिल यादव से तय की थी। शादी तय होने के बाद लड़की पक्ष ने लड़के के पिता को दो लाख रुपये नकद दिए।

तिलक के दौरान लड़के को सोने की चेन भी दी गई। इसके बाद लड़के वालों ने पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर लड़के की शादी दूसरी जगह कर दी गई।

वहीं, लड़की पक्ष का आरोप है कि पहले दिए गए दो लाख रुपये और सोने की चेन भी वापस नहीं किया गया। इस मामले में थाना में केस दर्ज कराया है।

पीड़ित पिता ने बताया कि वर्ष 2023 में उनकी पुत्री की शादी अनिल यादव से तय हुई थी। इस दौरान लड़के के पिता को दो लाख रुपये दिए गए थे। तिलक के अवसर पर लड़के को सोने की चेन भी दी गई। बाद में जब शादी की तिथि निर्धारित करने के लिए वे लड़के वालों के घर पहुंचे तो उनसे दो लाख रुपये के अलावा पांच लाख रुपये की मांग की गई।

लड़के वालों ने अतिरिक्त राशि देने के बाद ही शादी की तिथि तय करने की बात कही। पीड़ित के अनुसार, काफी आग्रह करने के बावजूद लड़के वाले अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद उन्होंने पहले दिए गए रुपये और सोने की चेन वापस करने की मांग की।

इस पर लड़के वाले गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। मामले की जानकारी ग्रामीणों और पंचायत के सरपंच को दी गई, इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका।

इसी बीच लड़के के पिता ने अपने पुत्र की शादी दूसरी जगह कर दी। बाद में जब वे रुपये और सोने की चेन वापस मांगने लड़के वालों के घर गए तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

उन्होंने पहले रजला कला ग्राम कचहरी में भी आवेदन देकर मामले में न्याय की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने थाना में आवेदन देकर केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष मिंटू सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *