बिहार में दरभंगा के ककोढ़ा-रही टोला के बीच बना नया पुल लोगों के लिए राहत बनने से पहले ही परेशानी का कारण बन गया है।
पुल का निर्माण तो पांच महीने पहले पूरा हो गया, लेकिन अब तक एप्रोच रोड का कालीकरण नहीं हो सका है। अधूरी सड़क पर उखड़े पत्थर और रोड़े राहगीरों के लिए रोज खतरा बन रहे हैं ।
बाइक और साइकिल सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं मवेशियों के खुर तक जख्मी हो रहे हैं । विभागीय लापरवाही से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
बता दें कि ककोढ़ा और रही टोला के बीच उजान-घनश्यामपुर पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क पर नए पुल का निर्माण कार्य पूरा होने का लोग इंतजार कर रहे हैं। लेकिन, विभागीय उदासीनता और संवेदक की लापरवाही के कारण पुल के कनेक्टिंग पथ (एप्रोच रोड) का अब तक कालीकरण नहीं हो सका है।
नतीजतन, इस मार्ग से गुजरने वाले आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । सड़क निर्माण के नाम पर विभाग द्वारा केवल डीपीसी (डस्ट पीसीसी) कर छोड़ दिया गया है। समय बीतने के साथ ही अब सड़क से रोड़े और नुकीले पत्थर बाहर उखड़ आए हैं ।
इस अधूरे निर्माण के कारण सबसे ज्यादा परेशानी साइकिल, मोटरसाइकिल और अन्य दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। बिखरे पत्थरों के कारण गाड़ियां लगातार असंतुलित हो रही हैं। आए दिन साइकिल और बाइक सवार इन पत्थरों पर फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं ।
सड़क की बदहाली ने स्थानीय पशुपालकों की चिंता भी बढ़ा दी है। ककोढ़ा निवासी संजीव सिंह ने बताया कि इस मार्ग से अपने मवेशियों को ले जाने में काफी दिक्कत आ रही है । सड़क पर पसरे नुकीले पत्थरों के कारण मवेशियों के खुर जख्मी हो रहे हैं, जिससे उनके बीमार होने का खतरा बढ़ गया है ।











