नरकटियागंज की अनोखी घटना, सांप ने काटा, युवक ने सांप को पकड़ा और पहुंच गया अस्पताल

आमतौर पर सांप के डसने के बाद लोग घबरा जाते हैं, मगर नरकटियागंज के एक युवक ने गजब का साहस दिखाया। हाथ में कोबरा के डसने के बाद भी उसने हिम्मत नहीं हारी।

पहले सांप को सुरक्षित तरीके से डिब्बे में बंद किया और फिर उसी सांप को लेकर इलाज कराने अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल में जिंदा कोबरा देखकर मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

घर की सफाई के दौरान निकला कोबरा

घटना प्रखंड के हरसरी पुरैनिया गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी धनजीत कुमार मिश्र मंगलवार शाम अपने घर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सांप बाहर निकल आया और उसने उनके हाथ में डस लिया।

डरने के बजाय दिखाई हिम्मत

सांप के डसने के बाद धनजीत ने घबराने के बजाय साहस दिखाया। उन्होंने सावधानी से सांप को पकड़कर एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर दिया। इसके बाद इलाज के लिए सीधे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए।

हाथ में डिब्बा लेकर अस्पताल पहुंचा युवक

अस्पताल पहुंचे धनजीत के हाथ में बंद डिब्बे को देखकर लोग हैरान रह गए। जब लोगों को पता चला कि डिब्बे के अंदर जिंदा कोबरा है तो मरीजों, परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सांप को देखने के लिए अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

समय पर इलाज से बची जान

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने तुरंत युवक का प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार, धनजीत समय पर अस्पताल पहुंच गए, जिससे इलाज शुरू करने में देरी नहीं हुई। फिलहाल उनकी हालत सामान्य है और वह खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

चिकितकों की निगरानी में युवक

अस्पताल की मेडिकल टीम युवक के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है। चिकित्सकों ने बताया कि सांप के डसने के मामलों में समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी होता है। धनजीत की सतर्कता और त्वरित निर्णय से उपचार में काफी मदद मिली। घटना के बाद गांव में युवक के साहस की चर्चा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *