पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव लगातार जारी है। इस बार बदमाशों ने कदमकुआं थाना क्षेत्र के वीआइपी इलाके को निशाना बनाया है।
जहां दिनदहाड़े एक सरकारी आवास के गेट पर खड़ी महिला से सोने की चेन लूट ली गई। घटना कदमकुआं थाने के काजीपुर इलाके का है।
रोड नंबर 1 स्थित मकान संख्या 10 (सरकारी आवास) के बाहर शुक्रवार की देर शाम करीब छह बजे अर्चना कुमारी अपने बच्चों के साथ खड़ी थीं।
बाइक सवार थे दो अपराधी
वह घर के मुख्य द्वार पर ही मौजूद थीं कि इसी बीच एक बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे। जब तक अर्चना कुछ समझ पातीं, बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली।
अर्चना कुमारी के पति राजेश कुमार त्रिवेदी पटना के जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत हैं। वीआइपी सुरक्षा वाले क्षेत्र में इस तरह की वारदात से प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
सीसीटीवी में कैद हुए हेलमेटधारी बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर अपराधी तेजी से दक्षिण दिशा की ओर फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार लूटी गई सोने की चेन करीब 20 ग्राम की थी, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत लगभग तीन लाख रुपए आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं।
फुटेज में दोनों बदमाशों की तस्वीरें साफ आई हैं, हालांकि दोनों ने हेलमेट पहन रखा था जिससे चेहरा पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है।
इस मामले में अर्चना कुमारी के लिखित बयान के आधार पर कदमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रही मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।











