पश्चिम चंपारण में झगड़े के बाद रात में गायब हुई महिला, सुबह पेड़ से लटका मिला शव

स्थानीय थाना क्षेत्र के कला पकड़ी गांव निवासी जमादार मांझी की पत्नी रजनी देवी (40) का शव मंगलवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ से साड़ी के फंदे से लटका मिला है।

शव मिलने की खबर फैलते ही गांव और आसपास में सनसनी फैल गई। मृतका के पति ने अपने ही पट्टीदारों पर हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। बताया जाता है कि रात में जमादार मांझी और उनके पट्टीदार शंभू मांझी, सकल मांझी व परदेसी मांझी के परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

सूचना पर 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्ष को समझाकर मामला शांत कराया। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस के जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच दोबारा विवाद हुआ।

मृतका के पति जमादार मांझी ने बताया कि सोमवार की रात पट्टीदारों के साथ झगड़ा हुआ था। उस दौरान सकल मांझी ने लाठी से मारकर उन्हें घायल कर दिया। उनकी पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। उसके बाद रात करीब 11 बजे रजनी देवी घर से अचानक गायब हो गईं।

परिवार के लोगों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव से करीब 500 मीटर दूर एक पेड़ पर साड़ी के फंदे से महिला का शव लटका देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया है।

एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह भी प्रभारी थानाध्यक्ष मधु कुमारी व पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की। हलाकि अब तक मृतका के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन थाने में नहीं दिया गया है।

एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि परिजनों ने हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल सकेगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल टीम भी पहुंचकर जांच की है।

  • पति ने पट्टीदारों पर मारपीट के बाद हत्या कर शव लटकाने का लगाया आरोप
  • सोमवार रात घर से गायब हुई थी रजनी देवी, सुबह पेड़ पर मिला शव
  • एसडीपीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *