ज्ञान बिंदु एकेडमी पटना के निदेशक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
इलाज के दौरान अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नेपाल पुलिस ने संदेह के आधार पर प्रिंस के साथ ठहरे चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मोरंग पुलिस के सूचना अधिकारी डीएसपी मकरेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार के सहरसा निवासी 24 वर्षीय प्रिंस कुमार विराटनगर महानगर-10 स्थित शुभा होटल में ठहरे थे।
शनिवार रात करीब 11 बजे होटल के कमरे में अचानक तबीयत खराब होने पर उन्हें न्यूरो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
विराटनगर पुलिस कार्यालय के डीएसपी लोकेंद्र सिंह गुरुंग व मोरंग जिला पुलिस कार्यालय के इंस्पेक्टर अभिषेक श्रेष्ठ के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें जांच कर रही हैं।
प्रिंस के साथ थे उनके चार दोस्त
सूत्रों के मुताबिक प्रिंस सोमवार को ही अपने चार मित्र अरनिया यादव, रोशन यादव, लालटू यादव व जयराम यादव के साथ शुभा होटल पहुंचे थे।
घटना के वक्त शनिवार की रात चारों दोस्त कमरे में मौजूद थे। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। डीएसपी मिश्रा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
नेपाल पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद प्रिंस यादव का शव स्वजनों को सौंप दिया है। स्वजन शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए सहरसा लौट गए हैं।











