बिहार में प्लेबॉय की नौकरी के नाम पर साइबर ठगी, STF ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिहार एसटीएफ ने युवाओं को प्लेबॉय की नौकरी देने के नाम पर साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में स्थानीय पुलिस की मदद से शेखपुरा के शेखोपुर सराय थाना क्षेत्र से छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें श्रीराम कुमार, शत्रुघ्न कुमार, प्रभात कुमार, मनु कुमार, शैलेंद्र मांझी और निवास मांझी शामिल हैं

इनमें से पांच शेखोपुर सराय के बाजितपुर के रहने वाले हैं, जबकि मनु कुमार नालंदा के अस्थावां का रहने वाला है। एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार साइबर अपराधी फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर उन पर युवतियों एवं महिलाओं की आकर्षक फोटो अपलोड करते थे।

इसके बाद फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से भ्रामक एवं आकर्षक पोस्ट प्रकाशित कर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। इन्हें Playboy की नौकरी दिलाने का झांसा देकर पंजीकरण शुल्क, प्रोसेसिंग शुल्क, आइडी कार्ड आदि बनाने के नाम पर रुपयों की मांग की जाती थी।

इस तरह गिरोह सुनियोजित तरीके से साइबर धोखाधड़ी का ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपितों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इनके पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

इसके अलावा एसटीएफ की एक अन्य टीम ने शेखोपुर सराय से वाट्सएप हैक कर फर्जी एप एवं लिंक के जरिए आनलाइन ठगी करने वाले दो साइबर अपराधी मो. अरमान और मो. सलामत को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

शराब पीकरविद्यालय में आने वाला शिक्षक निलंबित

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश के बाद समस्तीपुर में एक शिक्षक के विरुद्ध तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है। सरायरंजन के हरपुर बरहेता स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक अविनाश चंद्रा को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। शिक्षक के खिलाफ आरोप-पत्र अलग से जारी किया जाएगा।

शिक्षक पर शराब पीकर विद्यालय आने का आरोप था। जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से करायी गई जांच में आरोप सही पाया गया। शराब पीने की पुष्टि होने के साथ छात्र-छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार की भी शिकायत सही पाई गई। निलंबन अवधि में आरोपी शिक्षक का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, सिंधिया रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *