बिहार में स्टेट हाई-वे पर किन गाड़ियों का लगेगा टोल टैक्स? सरकार ने दूर किया कन्फ्यूजन

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने विधान परिषद में बताया कि स्टेट हाई-वे पर मात्र व्यावसायिक (कमर्शियल) वाहनों से ही टैक्स लिया जाएगा। बाकी वाहनों से नहीं। मात्र पीले रंग के नंबर-प्लेट वाले वाहनों से ही कर वसूली होगी। इस रंग का नंबर-प्लेट व्यावसायिक वाहनों का होता है।

राजद के अब्दुल बारी सिद्दिकी गैर-सरकारी संकल्प के जरिये टैक्स नहीं लेने का आग्रह कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि सड़क एवं अवसंरचना के विकास और सड़कों की उच्च गुणवत्ता के लिए शुल्क संग्रह आवश्यक है। अंतत: सिद्दिकी ने अपना संकल्प वापस ले लिया।

ककोलत के पास ही महोत्सव के लिए चिह्नित होगा स्थल:

अशोक कुमार सिंह का गैर-सरकारी संकल्प ककोलत महोत्सव से संबंधित था। उनका आग्रह था कि नवादा जिला मुख्यालय मेंं मनाया जाने वाला ककोलत महोत्सव प्रतिवर्ष 14 अप्रैल को, विसुआ पर्व पर, ककोलत में ही मनाया जाए।

कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने पर्यावरण से संबंधित नियमों का हवाला दिया और कहा कि ककोलत के पास ही कहीं स्थल चिह्नित कर महोत्सव का आयोजन होगा। उसके लिए सरकार व्यवस्था करेगी।

विद्यालयों में 10 मिनट का आनापान:

जदयू के नीरज कुमार का गैर-सरकारी संकल्प सरकारी विद्यालयोंं में आनापान के आग्रह से जुड़ा था। उनका कहना था कि कक्षा पांच से 10 तक के विद्यार्थियों को प्रतिदिन 10 मिनट आनापान का नियमित अभ्यास कराया जाए।

उन्होंने कहा कि श्वास प्रणाली पर नियंत्रण से जुड़ा यह अभ्यास बौद्ध साधना का अंश है। इससे मस्तिष्कीय ऊर्जा जाग्रत होती है और चित्त एकाग्र होता है, जिसका विद्यार्थियों की मेधा पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इससे सहमति जताई। अंतत: नीरज ने अपना संकल्प वापस ले लिया।

पत्रकारों के लिए रेल रियायत की बात बढ़ेगी आगे:

राजद के अशोक कुमार पांडेय ने मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए रेल यात्रा मेंं रियायत की सुविधा बहाल करने का आग्रह किया। गैर-सरकारी संकल्प के जरिये उन्होंने कहा कि पहले ऐसी व्यवस्था थी, जो कोरोना काल में बंद हो गई।

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संकल्प को स्वीकृत करते हुए कहा कि इसके लिए रेल मंत्रालय से बिहार सरकार अनुशंसा करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *