भागलपुर में आवारा कुत्तों के आतंक से मिलेगी राहत, 1.10 करोड़ से बनेगा डॉग शेल्टर; एक सप्ताह में शुरू होगी नसबंदी

शहर के विभिन्न मोहल्लों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या, उनके हमले और डॉग बाइट की घटनाओं से परेशान भागलपुर वासियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर निगम ने आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने, उनकी नसबंदी (Sterilization) करने, बंध्याकरण और रेबीज संक्रमित कुत्तों के इलाज के लिए बड़े पैमाने पर योजना शुरू कर दी है। इसके लिए नगर निगम ने ‘संतुलन जीव कल्याण संस्था’ को जिम्मा सौंपा है और उसे एक सप्ताह के भीतर काम शुरू करने का कड़ा निर्देश दिया है।

शुरुआती चरण में संस्था को भूतनाथ मंदिर परिसर स्थित नगर निगम के एमआरएफ सेंटर में अस्थायी रूप से सेटअप लगाने की अनुमति दी गई है। वहां साफ-सफाई और आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर कराई जा रही हैं। व्यवस्था पूरी होते ही आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनका टीकाकरण व नसबंदी करने का अभियान शुरू हो जाएगा।

कनकैथी में 1.10 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक एबीसी सेंटर

आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम कनकैथी स्थित डंपिंग ग्राउंड परिसर में एक आधुनिक डॉग शेल्टर सह एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर विकसित करने जा रहा है। 1.34 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निकाली गई निविदा की वित्तीय बोली गुरुवार को खोली गई।

प्रक्रिया में तीन एजेंसियों ने हिस्सा लिया, जिसमें सबसे कम 1.10 करोड़ रुपये की न्यूनतम दर (L1) प्रस्तुत करने वाली बाबुल चंदन एजेंसी का चयन किया गया है। एजेंसी से बैंक गारंटी प्राप्त होते ही एक्रिमेंट कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

100 कुत्तों को रखने की क्षमता, डॉक्टर-नर्स के लिए बनेंगे आवास

कनकैथी में बनने वाले इस अत्याधुनिक सेंटर में पशु चिकित्सा और देखभाल की सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी। परिसर में एक समय में करीब 100 कुत्तों को सुरक्षित रखने की क्षमता विकसित की जाएगी।

चयनित एजेंसी को यहां पशु चिकित्सकों, नर्सों व अन्य कर्मियों के रहने के लिए आवास, वाहनों की पार्किंग, कुत्तों के लिए पाउंड, भोजन बनाने का अलग कक्ष और नसबंदी व ऑपरेशनों के लिए एक हाईटेक ऑपरेशन थिएटर (OT) का निर्माण करना होगा। नगर निगम का मानना है कि इस पहल से शहर में रेबीज के खतरे और कुत्तों के आतंक से नागरिकों को स्थायी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *