‘महंगाई को डायन बताने वाले आज महारानी समझ चिपके बैठे हैं’, तेजस्वी ने केंद्र सरकार को घेरा

राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि डबल इंजन सरकार की गलत नीतियों से देश में महंगाई भीषण समस्या बन चुकी है।

नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में डबल इंजन सरकार ने प्रण लिया है कि खाद्य पदार्थों, पेट्रोल-डीजल, खाद-बीज, बिजली और गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाकर किसानों और आम लोगों को भूखा मार देंगे।

महंगाई को डायन बताने वाले आज महंगाई को महारानी समझ इससे चिपककर बैठे है। सरकार में बैठे लोग महंगाई रूपी प्रियतमा को दूर कर ही नहीं पा रहे। महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भुखमरी के खात्मे के लिए सड़क से सदन तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।

गरीब और मध्यम वर्ग की तोड़ दी कमर

तेजस्वी के अनुसार, डबल इंजन सरकार की पूंजीपरस्त नीतियों ने गरीब व मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों, खाद्य तेल के दाम तो आसमान छू ही रहे थे, खाना खरीदने के साथ अब खाना पकाना भी महंगा हो गया है।

केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के खूब कसीदे पढ़े, लेकिन क्या सरकार में साहस हे कि आज गांवों में जाकर योजना की समीक्षा करें और देश को वास्तविकता बताए।

गरीबों के घर में खाली पड़े सिलेंडर मुंह चिढ़ा रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि मोदी और उनकी भाजपाई कंपनी ने कमर कस ली है कि गरीबों को लूटकर अमीरों को मालामाल कर आम आदमी का जीना मुहाल कर के दम लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *