मुंबई में मोदी के कार्यक्रम से पहले खुद को पीएमओ का अधिकारी बता रहा शख्स, उसका सशस्त्र ‘बॉडीगार्ड’ हिरासत में लिया गया

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का अधिकारी और उसके सशस्त्र ‘अंगरक्षक’ के रूप में पेश कर रहे 24 वर्षीय एक व्यक्ति को यहां बीकेसी इलाके में एक कार्यक्रम स्थल से हिरासत में लिया गया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम को एक कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तथाकथित अंगरक्षक के पास से एक बंदूक बरामद की गई है।

प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी होने का दावा करते हुए 24 वर्षीय इस व्यक्ति ने बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र में प्रवेश किया।

उच्च सुरक्षा स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस अधिकारियों ने दोनों के संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए उन्हें रोका। चूंकि युवक कोई परिचय पत्र पेश नहीं कर सका, इसलिए उसे और उसके अंगरक्षक को हिरासत में ले लिया गया और बाद में विस्तृत पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया।

अधिकारी ने बताया कि अपराध खुफिया इकाई (सीआईयू) के साथ-साथ स्थानीय पुलिस दोनों की पहचान का खुलासा किए बिना आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *