मुजफ्फरपुर जंक्शन के नए CTB टर्मिनल से जुड़ेंगे 4 प्लेटफॉर्म, 10 दिनों के लिए होगा मेगा ब्लॉक

मुजफ्फरपुर जंक्शन के पुनर्विकास कार्य के तहत विश्वस्तरीय कंबाइंड टर्मिनल बिल्डिंग (सीटीबी) को विभिन्न प्लेटफार्मों से जोड़ने की कवायद तेज हो गई है।

सीटीबी से प्लेटफार्म संख्या 1, 6, 7 और 8 को फुटओवर ब्रिज (एफओबी) व कनेक्टिंग सीढ़ियों के माध्यम से जोड़ने के लिए जल्द ही करीब 10 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने की योजना है।

बुधवार को रामगढ़वा जाने के क्रम में सीनियर डीओएम विजय प्रकाश मुजफ्फरपुर जंक्शन पर रुके। उन्होंने जंक्शन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों के साथ एफओबी और कनेक्टिंग सीढ़ियों के निर्माण को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित मेगा ब्लॉक की समयावधि और इस दौरान ट्रेनों के परिचालन पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर भी खाका तैयार किया गया।

रेल अधिकारियों के अनुसार, सीटीबी को प्लेटफार्मों से जोड़ने के साथ ही प्लेटफार्म संख्या एक के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य को गति देने के लिए अलग से ब्लॉक लेने की योजना भी बनाई जा रही है।

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को प्लेटफार्म संख्या एक, छह, सात और आठ से नए टर्मिनल भवन तक आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।

सीटीबी को एफओबी के माध्यम से प्लेटफार्मों से जोड़ने से जंक्शन पर यात्रियों की आवाजाही सुगम होने के साथ पुनर्विकास परियोजना का महत्वपूर्ण चरण भी पूरा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *