यूपी के गोंडा में खिलाड़ियों को लेकर जा रही बस पलटी 7 घायल

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गुरुवार को 41 स्थानीय खिलाड़ियों को ले जा रही एक बस सड़क किनारे पलट गई, जिससे सात लोगों को मामूली चोटें आईं।

नवाबगंज के एसएचओ अभय सिंह ने कहा कि ये खिलाड़ी यौन उत्पीड़न के एक मामले में भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को अदालत द्वारा बरी किए जाने के मौके पर नंदिनी नगर कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे।

उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना गोंडा-अयोध्या मार्ग पर नंदिनी शूटिंग रेंज के पास शाम करीब 4 बजे हुई, जब बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों और स्थानीय निवासियों ने बस की खिड़कियां तोड़ दीं और उसमें सवार सभी लोगों को सुरक्षित बचा लिया।

घायलों की पहचान विकास यादव (18), सतीश मौर्य (22), शिवकुमार (22), शिवा सिंह (19), चंदन गुप्ता (17), अमरनाथ (17) और एक अन्य खिलाड़ी के रूप में हुई है। सिंह ने बताया कि सभी को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में छुट्टी दे दी गई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में 41 खिलाड़ी सवार थे।

पुलिस ने बताया कि खिलाड़ियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए एक अन्य बस की व्यवस्था की गई थी जबकि दुर्घटनास्थल पर भीड़ जमा होने के बावजूद मार्ग पर यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *