उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर बातचीत शुरू हो गई है. दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हो रही है. जानकारी मिली है कि इस बीच कांग्रेस ने करीब 170 सीटों की एक सूची समाजवादी पार्टी को सौंपी है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, इन सीटों का चयन पार्टी को जमीनी स्तर से मिले फीडबैक के आधार पर किया गया है.
A, B, C और D कैटेगरी में बांटी गईं सीटें
कांग्रेस ने सूची में शामिल 170 सीटों को चार कैटेगरी में बांटा है. सूत्रों के मुताबिक, कैटेगरी A में शामिल सीटों पर पार्टी का रुख लगभग तय है. इन सीटों को लेकर कांग्रेस समझौते की गुंजाइश कम रखना चाहती है.
सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है कांग्रेस
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी सीटों की किसी तय संख्या पर अड़ी नहीं है. हालांकि, वह गठबंधन में सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है. सीटों के बंटवारे पर दोनों दलों के बीच अभी कई दौर की बातचीत होने की संभावना है. इसके बाद ही अंतिम समझौता हो सकेगा.
सीटों की संख्या पर अभी अंतिम सहमति नहीं
फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में कितनी-कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी. इस पर फैसला आगे होने वाली बातचीत के बाद ही होगा.
राहुल गौतम के इनपुट्स के साथ.











