सीतामढ़ी-दरभंगा रेलखंड पर रविवार की सुबह यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जोगियारा रेलवे स्टेशन से पहले ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) सिस्टम में तकनीकी खराबी आने से अमृत भारत एक्सप्रेस दो घंटे से अधिक समय तक बीच रास्ते में खड़ी रही। ट्रेन रुकने से यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई, वहीं बंद रेल फाटक के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सुबह छह बजे थम गई ट्रेन
जानकारी के अनुसार 19624 अप मदार-अजमेर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब छह बजे जोगियारा रेलवे स्टेशन से पहले रेलवे फाटक के निकट अचानक रुक गई। तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन के इंजन को बिजली की आपूर्ति बंद हो गई थी।
गर्मी और उमस से परेशान हुए यात्री
ट्रेन के रुकते ही पंखे और एसी भी बंद हो गए। इससे डिब्बों में बैठे यात्रियों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान दिखे। लंबे समय तक ट्रेन खड़ी रहने से यात्रियों की बेचैनी बढ़ती गई।
फाटक बंद, सड़क पर लंबा जाम
ट्रेन के रुकने के कारण रेलवे फाटक बंद कर दिया गया था। इससे रेल समपार के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई लोगों को जरूरी काम से जाना था, लेकिन जाम के कारण उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
मौके पर पहुंची तकनीकी टीम
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंचे और खराबी दूर करने का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ओएचई प्रणाली को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।
दो घंटे बाद रवाना हुई ट्रेन
तकनीकी समस्या दूर होने के बाद ट्रेन को दरभंगा के लिए रवाना किया गया। इसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
सुरक्षा के मद्देनजर रोकी गई थी ट्रेन
जोगियारा स्टेशन प्रबंधक रंजीत कुमार चौधरी ने बताया कि ओएचई में आई तकनीकी खराबी के कारण सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन को रोका गया था। चंदौना हाल्ट के निकट स्थित कंट्रोल रूम और ट्रांसफार्मर प्रणाली के माध्यम से बिजली आपूर्ति को सामान्य किया गया। खराबी दूर होते ही ट्रेन का परिचालन फिर से सुचारु कर दिया गया।











