उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर बलिदानियों को नमन किया. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक बताया. मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग से प्रेरणा लेकर देशहित में योगदान देने की अपील की.
CM योगी बोले राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा, ‘प्रदेश वासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.’ उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को नमन करना हर देशवासी का कर्तव्य है. सीएम योगी ने कहा, ‘आइए, अमर बलिदानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेकर ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करें तथा कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के माध्यम से ‘विकसित भारत’ एवं ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प की सिद्धि में अपना योगदान दें.’ मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन “जय हिंद” के साथ किया. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने और देश को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ काम करने की अपील की.











