11 साल से फरार और 50 लाख रुपये की लूट में वांछित पैरोल जम्पर गिरफ्तार

हत्या के एक मामले में पैरोल छोड़कर करीब 11 साल से फरार चल रहे 42 वर्षीय एक व्यक्ति को दिल्ली पुलिस ने 50 लाख रुपये की लूट के सिलसिले में गिरफ्तार किया है।

दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा दी गई पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद आत्मसमर्पण करने में विफल रहने के बाद शराफत अली उर्फ मामा 2015 से कानून से बच रहा था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश के रहने वाले अली को 30 अगस्त को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के अंतिम छोर के पास आश्रम चौक की ओर डीएनडी फ्लाईओवर से पकड़ा गया था।

उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि वह इस साल सात मार्च को खजूरी खास इलाके में बंदूक की नोक पर 50 लाख रुपये की लूट के सिलसिले में वांछित था।

अधिकारी ने कहा, ”वह खजूरी खास और सिविल लाइंस पुलिस थानों में दर्ज दो मामलों में भगोड़ा भी है।

पुलिस के अनुसार, अली को एक अक्टूबर 2015 को चिकित्सा आधार पर पैरोल दी गई थी, लेकिन वह अपनी अवधि समाप्त होने के बाद आत्मसमर्पण करने में विफल रहा और करीब 11 साल तक फरार रहा।

इनपुट पर कार्रवाई करते हुए, एक टीम ने गाजियाबाद से सराय काले खां की ओर उसकी आवाजाही को रोक दिया और उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने कहा कि अली पहले से दोषी अपराधी है, जिसे 2007 में श्रीनिवासपुरी पुलिस स्टेशन में दर्ज हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास और नंद नगरी में दर्ज डकैती के एक मामले में चार साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई थी।

पुलिस ने बताया कि 2007 के मामले में अली और उसके तीन सहयोगियों ने करीब तीन किलोग्राम सोना ले जा रही एक कार को कथित तौर पर रोका था और लूट का विरोध करने पर उसमें सवार व्यक्ति को गोली मार दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *