वंदे भारत एक्सप्रेस से शराब की तस्करी, पाटलिपुत्र स्टेशन पर महिला समेत 4 गिरफ्तार

गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस से विदेशी शराब लेकर आ रहे तीन पुरुष और एक महिला को आरपीएफ, जीआरपी तथा सीआईबी दानापुर की संयुक्त टीम ने पाटलिपुत्र स्टेशन पर गिरफ्तार किया।

गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को गाड़ी संख्या 26502 के पाटलिपुत्र स्टेशन पहुंचने पर प्लेटफार्म संख्या एक से संदिग्ध रूप से बैग लेकर निकल रहे चारों को रोका गया।

तलाशी के दौरान उनके बैग से 42 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। सभी बोतलें 750 मिलीलीटर की थीं। बरामद शराब की कुल मात्रा 31.50 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।

आरोपितों की पहचान ओमप्रकाश, अश्विनी चौधरी, कृष्ण मोहन कुमार और प्रिया कुमारी के रूप में हुई। बरामद शराब में जानी वाकर ब्लैक लेबल, रेड लेबल, वास स्काच और सिमरन ऑफ वोडका शामिल है।

जब्ती के बाद चारों को जीआरपी पाटलिपुत्र को सौंप दिया गया। जीआरपी ने कांड संख्या 51/26 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *