स्वतंत्रता दिवस पर ‘बुर्का डांस’: वायरल वीडियो से शुरू हुई जांच, यूपी के गोंडा में स्कूल सील

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्वतंत्रता दिवस के एक कार्यक्रम में हिंदू छात्राओं को बुर्का पहने और नाचते हुए कथित तौर पर दिखाया गया एक वीडियो वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने एक निजी स्कूल को सील कर दिया है।
जांच में पाया गया कि स्कूल बिना मान्यता के चलाया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद बाभनजोत इलाके के औसानी बुज़ुर्ग में स्थित यह स्कूल जांच के दायरे में आ गया।
उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूल के निरीक्षण का आदेश दिया, जिस दौरान पाया गया कि स्कूल बिना मान्यता के चल रहा था।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) रियाज अहमद को स्कूल का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
अहमद ने कहा कि विभाग ने करीब एक सप्ताह पहले स्कूल प्रबंधन को इसका संचालन रोकने का निर्देश दिया था, लेकिन आदेश के बावजूद स्कूल का कामकाज जारी रहा।
अधिकारी ने बताया कि स्कूल का संचालन बिना मान्यता के होने की पुष्टि करने के बाद अधिकारियों ने परिसर को सील करने से पहले प्रबंधक, प्रधानाचार्य के कार्यालयों और मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया।
अहमद ने बताया कि परिसर के निरीक्षण और सीलिंग की रिपोर्ट जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई है।
सिंह ने कहा कि अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि गैर-मान्यता प्राप्त स्कूल में दाखिला लेने वाले छात्रों को पास के सरकारी या अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों में दाखिला दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *