बिहार में 160 नर्सिंग ट्यूटर्स होंगे प्रशिक्षित, देश में पहली बार हो रहा रिफ्रेशर प्रशिक्षण

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में सरकारी नर्सिंग संस्थानों के 160 ट्यूटर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। राज्य में नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

कुल चार बैच में नर्सिंग ट्यूटर्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक बैच में 40 प्रतिभागी और तीन फैसिलिटेटर्स होंगे।

पहले बैच का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

पहले बैच का रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह पांच दिनों का प्रशिक्षण है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सरकारी नर्सिंग ट्यूटर्स के लिए इस तरह का प्रशिक्षण बिहार ही नहीं, बल्कि देश में पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

नवीन शिक्षण तकनीकों का मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नर्सिंग शिक्षा में उपयोगी नवीन शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।

साथ ही इन तकनीकों का व्यावहारिक रूप से इस्तेमाल करने के तरीके भी बताए जाएंगे, ताकि ट्यूटर्स विद्यार्थियों को अधिक प्रभावी ढंग से पढ़ा सकें।

स्वास्थ्य कार्यक्रमों की दी जाएगी अद्यतन जानकारी

नर्सिंग विद्यार्थियों से संबंधित केंद्र सरकार के स्वास्थ्य कार्यक्रमों और प्रोटोकाल की भी अद्यतन जानकारी प्रशिक्षण में दी जा रही है।

इसमें मातृ स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, परिवार नियोजन और एचआइवी-एड्स सहित अन्य महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रम शामिल हैं।

स्टेट इंस्टीट्यूट में हो रहा प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम स्टेट इंस्टीट्यूट आफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर में आयोजित किया जा रहा है। राज्य स्वास्थ्य समिति की अपर कार्यपालक पदाधिकारी डा. अनुपमा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

आधुनिक शिक्षण पद्धति में दक्ष होंगे ट्यूटर्स

प्रशिक्षण का उद्देश्य नर्सिंग ट्यूटर्स को आधुनिक और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना है। इसके साथ ही उन्हें इन तकनीकों का कक्षा में व्यावहारिक इस्तेमाल करने में सक्षम बनाना है।

विद्यार्थियों को मिलेगी अपडेटेड जानकारी

प्रशिक्षण के बाद नर्सिंग ट्यूटर्स अपने विद्यार्थियों को वर्तमान सरकारी स्वास्थ्य नीतियों, कार्यक्रमों और प्रोटोकाल के अनुरूप बेहतर एवं अद्यतन जानकारी देने में अधिक सक्षम होंगे। इससे नर्सिंग विद्यार्थियों के कौशल विकास को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *