बिहार: पति ने नहीं बनवाया सोने का हार तो फंदे से झूल गई पत्नी, 4 महीने की बच्ची के सिर से उठा मां का साया

थाना क्षेत्र के मठ लोहियार वार्ड नंबर 11 में मंगलवार की रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पलनवा थाना क्षेत्र के डैनी टोला निवासी राजकुमार पटेल की पुत्री रिंकी देवी के रूप में हुई है।

रिंकी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हिंदू रीति-रिवाज से मठ लोहियार निवासी विक्की पटेल के साथ हुई थी। उसकी चार माह की एक पुत्री भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, रिंकी देवी अपने पति से सोने का हार खरीदने की जिद कर रही थी। इसी बीच घर में पक्का मकान बनाने के लिए बालू गिराया गया। इसे देखकर रिंकी नाराज हो गई और पति से कहासुनी होने लगी।

वह इस बात को लेकर नाराज थी कि उसके लिए रुपये नहीं होने की बात कही जा रही है, जबकि मकान निर्माण के लिए रुपये खर्च किए जा रहे हैं। बताया जाता है कि विवाद के बाद पति-पत्नी ने खाना खाया और चार माह की बेटी के साथ एक ही बेड पर सो गए।

देर रात रिंकी चुपचाप पीछे का दरवाजा खोलकर घर से बाहर निकल गई। घर के पीछे पेड़ में फंदा लगाकर उसने आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद चार माह की बच्ची के रोने की आवाज सुनकर विक्की की नींद खुली। उसने देखा कि रिंकी बिस्तर पर नहीं थी।

इसके बाद वह बच्ची को लेकर पत्नी की तलाश में निकला। बाथरूम सहित आसपास के स्थानों पर खोजबीन करने के बाद जब पीछे का दरवाजा खुला मिला तो वह घर के पीछे गया। वहां पेड़ से रिंकी को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। नीचे उतारकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना परिजनों ने हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस पदाधिकारी अक्षय कुमार को घटनास्थल पर भेजा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया।

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों की ओर से अभी तक थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *