पटना: स्मैक तस्कर को छोड़ने के लिए 11 लाख की हुई डील, फुलवारीशरीफ थाने के 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

फुलवारीशरीफ थाने में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में पुलिसकर्मियों की मिलीभगत का बड़ा मामला सामने आया है। स्मैक तस्करी के आरोप में पकड़े गए लोगों को छोड़ने के एवज में मोटी रकम वसूलने और उसके बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

नगर पुलिस अधीक्षक चंद्र प्रकाश के मुताबिक, स्मैक तस्कर को 11 लाख रुपये लेकर छोड़ने का आरोप जांच में सही पाया गया है। मामले में फुलवारीशरीफ थाने के आठ पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। सभी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस की ओर से चार नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 अक्टूबर को गुप्त सूचना पर फुलवारीशरीफ पुलिस ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ छापामारी की थी।

इस दौरान नया टोला पठान टोली, वार्ड संख्या-24 निवासी आकिब खान उर्फ मोहम्मद साकिब खान (32) को मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया।

इस मामले में फुलवारीशरीफ थाना कांड संख्या 1867/26 दर्ज किया गया। इसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(सी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)/26 लगाई गई। हालांकि, कार्रवाई के दौरान आकिब के साथ फार्म मालिक मो. आफताब आलम जहां से मादक पदार्थ की बरामदगी हुई थी।

मोहम्मद एहसान को भी पकड़कर थाने लाया गया था। इसके बाद ही यह पूरा खेल शुरू हुआ। इन दोनों का नाम प्राथमिकी में दर्ज नहीं किया गया और न ही वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

रकम लेकर छोड़ा, बंटवारे पर हुआ विवाद

आरोप है कि छापामारी टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने दोनों युवकों से मोटी रकम लेकर उन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया। रुपये का भुगतान अलग-अलग माध्यमों से किए जाने की बात सामने आई है।

इसी रकम के बंटवारे को लेकर पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ। रुपये देने वाले पक्ष से भी उनका झगड़ा हो गया, जिसके बाद पूरा मामला वरीय अधिकारियों तक पहुंचा।

एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने फुलवारीशरीफ एएसपी को जांच का जिम्मा दिया गया। जांच में 11 लाख रुपये की डील शुरुआती जांच में सही पाई गई। इसी के बाद आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में एसआई दिवाकर प्रसाद, नारद मुनि सिंह, रितेश कुमार, परिचारी एसआई आकाश कुमार, एसआई पवन कुमार, पीटीसी- साबिर आलम, सिपाही आनंद राज और सिपाही शुभम कुमार शामिल हैं।

कार्रवाई के बाद फार्म मालिक समेत तीन हिरासत में

वहीं, मामले में फार्म मालिक मोहम्मद आफताब आलम, मोहम्मद एहसान और कथित तौर पर सौदा कराने वाले स्थानीय व्यक्ति मुकर्रम उर्फ कमरुद्दीन को पुलिस ने हिरासत में लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस विज्ञप्ति में स्थानीय लोगों की संलिप्तता की भी जांच की बात कही गई है। अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपित पुलिसकर्मियों की भूमिका की गहन जांच के साथ आगे की कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *