बगहा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को ट्रेनों की समय-सारणी बुरी तरह प्रभावित रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख ट्रेनों के देर से आने और प्रस्थान में देरी के कारण यात्रियों की यात्रा योजनाएं गड़बड़ा गईं।
वंदे भारत एक्सप्रेस प्रतिदिन समय से परिचालन के लिए जानी जाती है, लेकिन मंगलवार को यह ट्रेन गोरखपुर से करीब 4 घंटे 34 मिनट की देरी से रवाना हुई। इसके बाद यह ट्रेन बगहा स्टेशन पर लगभग 4 घंटे 15 मिनट की देरी से 11:45 बजे पहुंची।
देरी के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।एक यात्री ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उसने बगहा से मुजफ्फरपुर के लिए वंदे भारत में टिकट बुक किया था, लेकिन देरी की जानकारी मिलने पर उसे मजबूरी में सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा करनी पड़ी।
यात्रियों में अरविन्द गुप्ता, सोहन राम, मोहन श्रीवास्तव, रंजन कुमार आदि ने बताया कि मंगलवार को कई एक्सप्रेस गाड़ियां घंटों देर से बगहा आई, जिससे परेशानी बढ़ गई । हमलोगों को स्टेशन पर अपनी गाड़ी के लिए इंतजार करना पड़ा ।
सत्याग्रह और अवध एक्सप्रेस भी देरी की शिकार
रक्सौल से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस भी मंगलवार को लगभग 3 घंटे 34 मिनट की देरी से रक्सौल से रवाना हुई और निर्धारित समय से कई घंटे बाद बगहा स्टेशन पहुंची।इसी तरह बरौनी से बांद्रा जाने वाली अवध एक्सप्रेस करीब 1 घंटा 38 मिनट की देरी से चली और दोपहर के बजाय शाम करीब 5 बजे के बाद बगहा पहुंची।
सप्तक्रांति एक्सप्रेस और अन्य ट्रेनों पर भी असर
मुजफ्फरपुर से आनंद विहार जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस भी लगभग 2 घंटे की देरी से बगहा पहुंची, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।लगातार ट्रेनों की लेटलतीफी से स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ और असुविधा बढ़ गई। कई यात्रियों को अपनी आगे की यात्रा बदलनी पड़ी और वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ा।











