बगहा में थाने में पहुंचते ही एसपी का बड़ा एक्शन, दो दारोगा तत्काल सस्पेंड

लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक की सख्ती सामने आई। पठखौली थाना में सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर दो दारोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं थानाध्यक्ष को भी फटकार लगाते हुए मामलों की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।

गंभीर मामलों की हुई जांच

पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल सोमवार शाम पठखौली थाना पहुंचे थे। यहां उन्होंने गंभीर और लंबित कांडों की एक-एक कर समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कई मामलों की अद्यतन स्थिति की जांच की गई तथा अनुसंधान कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया।

दो दारोगा पर गिरी गाज

जांच के क्रम में पाया गया कि दारोगा राजीव साफी और आभा कुमारी को जिन गंभीर मामलों का अनुसंधान सौंपा गया था, उनमें उनके द्वारा लंबे समय से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने दोनों दारोगाओं को तत्काल निलंबित कर दिया।

थानाध्यक्ष को भी मिली चेतावनी

समीक्षा के दौरान एसपी ने थानाध्यक्ष को भी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर लंबित मामलों की नियमित समीक्षा होनी चाहिए, ताकि अनुसंधान में किसी प्रकार की शिथिलता न रहे और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।

समय सीमा में जांच पूरी करने का निर्देश

बैठक में सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण जांच करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुसंधान पूरा करने का निर्देश दिया गया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही या उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जवाबदेही तय होगी

एसपी रामानंद कुमार कौशल ने कहा कि अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर नियमित समीक्षा जारी है। बेहतर पुलिसिंग और आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *