सैटेलाइट टाउनशिप में जमीन बेचने की प्रक्रिया आसान, बिहार में भू-स्वामियों को आवास बोर्ड में देना होगा आवेदन

बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने सैटेलाइट टाउनशिप परियोजनाओं के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने इसके लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है।

अब अपनी जमीन बेचने के इच्छुक भू-स्वामियों को सीधे बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक (एमडी) के नाम आवेदन देना होगा।

आवास बोर्ड कार्यालय में बनेंगे विशेष काउंटर

भू-स्वामियों की सुविधा के लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड मुख्यालय में आवेदन जमा करने हेतु विशेष काउंटर बनाया जाएगा।

इसके अलावा, प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी और मार्गदर्शन देने के लिए अलग से पूछताछ काउंटर भी स्थापित किया जाएगा। आवास बोर्ड का मुख्यालय विधानसभा के पास सचिवालय थाना परिसर के बगल में स्थित है।

सात दिन में होगी आवेदन की प्रारंभिक जांच

जारी एसओपी के अनुसार, भू-स्वामी को भूमि बिक्री का प्रस्ताव, प्रारूप विक्रय विलेख और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करना होगा।

आवास बोर्ड सात दिनों के भीतर आवेदन की प्रारंभिक जांच करेगा और उसे बिहार रैयती भूमि क्रय नीति-2026 के तहत संबंधित सक्षम प्राधिकार के पास भेज देगा।

जमीन की कीमत के आधार पर होगा फैसला

यदि भूमि का मूल्य 100 करोड़ रुपये तक होगा तो प्रस्ताव संबंधित जिला पदाधिकारी (डीएम) को भेजा जाएगा। वहीं, 100 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की भूमि के मामले प्रमंडलीय आयुक्त के पास भेजे जाएंगे।

जिला अथवा प्रमंडलीय रैयती भूमि क्रय समिति भूमि का मूल्यांकन कर अंतिम प्रस्ताव तैयार करेगी।

मंजूरी के सात दिन के भीतर होगा भुगतान

सक्षम प्राधिकार से मंजूरी मिलने के बाद बिहार राज्य आवास बोर्ड सात दिनों के भीतर भू-स्वामी को निर्धारित राशि का भुगतान करेगा।

इसके बाद अधिकृत पदाधिकारी की निगरानी में विक्रय विलेख का निबंधन कराया जाएगा और भूमि का नामांतरण आवास बोर्ड के पक्ष में किया जाएगा।

स्टांप और रजिस्ट्रेशन शुल्क से मिलेगी छूट

नई व्यवस्था के तहत आवास बोर्ड द्वारा खरीदी जाने वाली भूमि पर स्टांप शुल्क और पंजीयन शुल्क नहीं लगेगा।

विभाग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि भू-स्वामियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *