बिहार के सभी विश्वविद्यालयों में बुधवार से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो गई। इसके साथ ही राज्यपाल एवं कुलाधिपति सैयद अता हसनैन के निर्देश पर पहली बार सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में यूनिफार्म एकेडमिक कैलेंडर लागू किया गया है। इसका उद्देश्य प्रवेश, पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया में एकरूपता लाना है।
तय समय पर होंगे नामांकन, पढ़ाई, परीक्षा और रिजल्ट
यूनिफार्म एकेडमिक कैलेंडर के तहत अब सभी संस्थानों में नामांकन, शिक्षण कार्य, परीक्षा संचालन और परीक्षाफल का प्रकाशन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार करना अनिवार्य होगा।
हालांकि जिन विश्वविद्यालयों में मेरिट सूची या नामांकन प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी है, उन्हें एक सप्ताह तक की छूट दी गई है।
नई शिक्षा नीति-2020 के तहत लागू हुई व्यवस्था
राज्यपाल सचिवालय ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन और विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों में एकरूपता लाने के उद्देश्य से यह कैलेंडर जारी किया है।
पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर की पढ़ाई एक जुलाई से शुरू होगी, जबकि दूसरे, चौथे, छठे और आठवें सेमेस्टर की कक्षाएं चार जनवरी से शुरू होंगी।
एक-दो दिन की देरी के बाद भी इसी सप्ताह शुरू होगा सत्र
राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सभी विश्वविद्यालयों ने मेरिट सूची तैयार कर ली है।
कुछ तकनीकी कारणों से एक-दो दिन की देरी हो सकती है, लेकिन राज्य के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में इसी सप्ताह नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा।
जानिए यूनिफार्म एकेडमिक कैलेंडर की प्रमुख तिथियां
पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर के लिए पढ़ाई 1 जुलाई से शुरू होगी। मध्य सेमेस्टर परीक्षा 11 से 16 सितंबर के बीच होगी, जबकि सेमेस्टर परीक्षा 27 नवंबर से 16 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी।
परिणाम 10 जनवरी को जारी होगा। वहीं दूसरे, चौथे, छठे और आठवें सेमेस्टर की पढ़ाई 4 जनवरी से शुरू होगी और मई में परीक्षा तथा 20 जून तक परिणाम प्रकाशित किए जाएंगे।
यूनिफार्म एकेडमिक कैलेंडर
- सेमेस्टर एक : जुलाई से दिसंबर
- प्रवेश की प्रक्रिया : एक मई
- नामांकन व रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी : 30 जून
- पढ़ाई प्रारंभ: पहली जुलाई
- मध्य सेमेस्टर परीक्षा : 11 से 16 सितंबर
- प्रवेश पत्र जारी करना : 20 नवंबर
- क्लास खत्म: 20 नवंबर
- प्रायोगिक परीक्षा: 20 से 26 नवंबर
- सेमेस्टर अंत परीक्षा: 27 नवंबर से 16 दिसंबर
- परीक्षाफल का प्रकाशन: 10 जनवरी
- सेमेस्टर तीन, पांच व सात : जुलाई से दिसंबर
- नामांकन प्रक्रिया: 20 से 30 जून
- पढ़ाई प्रारंभ : पहली जुलाई
- मध्य सेमेस्टर परीक्षा : 11 से 16 सितंबर
- प्रवेश पत्र जारी करना : 20 नवंबर
- प्रायोगिक परीक्षा: 20 से 26 नवंबर
- सेमेस्टर परीक्षा : 27 नवंबर से 16 दिसंबर
- परीक्षाफल का प्रकाशन: 10 जनवरी
- सेमेस्टर दो, चार, छह व आठ: जनवरी से जून
- प्रवेश प्रक्रिया: चार से नौ जनवरी
- मध्य सेमेस्टर परीक्षा: 15 से 20 मार्च
- प्रवेश पत्र : 30 अप्रैल
- प्रायोगिक परीक्षा: एक से छह मई
- सैद्धांतिक परीक्षा: छह से 24 मई
- परीक्षाफल का प्रकाशन: 20 जून











