राजद सांसद अभय कुशवाहा (RJD MP Abhay Kushwaha) ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी (Bihar CM Samrat Choudhary) से हाल में हुई मुलाकात को लेकर उठ रही राजनीतिक अटकलों पर शुक्रवार को विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए थी। इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए।
सांसद ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए वे प्रधानमंत्री से भी मिलेंगे, लेकिन पार्टी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे बिहार के हैं, इसलिए क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर उनसे मिलना स्वाभाविक है।
उन्होंने यह भी बताया कि सीएम से छकरबंधा-देव-कचनपुर सड़क निर्माण, उत्तर कोयल नहर परियोजना, सोलर स्टोरेज प्रोजेक्ट और अन्य विकास योजनाओं पर मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा हुई।
छकरबंधा से देव-कचनपुर तक लगभग 18 किलोमीटर सड़क निर्माण में वन विभाग की भूमि संबंधी बाधाओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे डुमरिया और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सांसद ने बताया कि मदनपुर-खिरियावां मोड़-कासमा-गुरुआ-गुरारू होते हुए गया मेडिकल कॉलेज तक सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे लगभग 42 किलोमीटर की दूरी कम हो सकती है।
उन्होंने कहा कि बारुण में लगभग 500 एकड़ भूमि पर सोलर परियोजना प्रस्तावित है, जिसके लिए केंद्र सरकार से रिन्यूएबल एनर्जी एवं सोलर स्टोरेज प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल चुकी है। उत्तर कोयल नहर की शाखाओं के डीपीआर में आ रही आपत्तियों को दूर कराने के लिए मुख्यमंत्री से पहल का अनुरोध किया।
औरंगाबाद-पटना एनएच-139 फोरलेन परियोजना की धीमी प्रगति पर निराशा जताते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की जानकारी दी।
इसके अलावा, उन्होंने राज्य सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया और हालिया एनकाउंटर मामलों की जांच के लिए कमेटी गठन की मांग की। प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता डॉ. रमेश यादव, जिप सदस्य अनिल यादव, युवा नेता चंदन कुमार, प्रखंड अध्यक्ष सुशील कुमार उपस्थित रहे।











