मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी वाला वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कराने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामला आयर थाना क्षेत्र से जुड़ा है।
गिरफ्तार आरोपित विपिन कुमार बरनाव उतरवारी मठिया गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके पास से वीडियो बनाने में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त कर लिया है। इस संबंध में दारोगा शशि भूषण सिंह के बयान पर आयर थाने में प्राथमिकी की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कराया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बताया जाता है कि 15 जून की रात गश्ती के दौरान पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की जानकारी मिली।
पूछताछ में बच्चे के पिता ने बताया कि उनके आठ वर्षीय पुत्र को बहला-फुसलाकर तथा पैसे का लालच देकर विपिन कुमार ने अपने मोबाइल से वीडियो बनवाया था, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया था।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपित विपिन कुमार के घर पर छापामारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने वीडियो बनाकर वायरल करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके मोबाइल को जब्त कर लिया है।











