Madhubani News : महिलाओं से बात कर रही थी पत्नी, पति ने घर पहुंचते ही गर्दन पर चला दी कुल्हाड़ी

कृष्णाष्टमी की रात घर के पास महिलाओं से बातचीत करना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हुआ। वर्षों से पत्नी से विवाद को लेकर नाराज चल रहे पति ने घर पहुंचते ही उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

गर्दन पर वार लगते ही 37 वर्षीय प्रमिला देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित पति पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया।

महिलाओं से कर रही थी बातचीत

घटना रविवार देर रात थाना क्षेत्र के कोनार गांव की है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में कृष्णाष्टमी को लेकर माहौल भक्तिमय था। इसी दौरान प्रमिला देवी घर के बगल में कुछ महिलाओं के साथ बातचीत कर रही थी। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर उसका पति पप्पू यादव नाराज हो गया।

घर पहुंचते ही किया हमला

ग्रामीणों के मुताबिक, महिलाओं से बातचीत करने के बाद प्रमिला देवी घर पहुंची। कुछ ही देर बाद पति भी वहां पहुंच गया। पत्नी को महिलाओं से बात करते देख वह भड़क गया। दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपित ने टेंगारी (कुल्हाड़ी) से पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

वर्षों से चल रहा था विवाद

बताया जाता है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रमिला देवी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थी। उसके तीन बच्चे हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए वह मजदूरी करती थी। उसका बड़ा बेटा प्रदेश में रहकर मजदूरी करता है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलने पर फुलपरास पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और दोनों के बीच चल रहे विवाद की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *