NEET मामले में बिहार में सियासत तेज; ड‍िप्‍टी सीएम ने कहा-राहुल गांधी की बातों को गंभीरता से लेना बंद करिए

NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक घमासान के बीच बिहार में भी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले में सरकार पर तीखा हमला बोला है।

इस सवाल पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और दोबारा परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश दौरे पर जरूर हैं, लेकिन केंद्र सरकार NEET मामले की जांच लगातार करा रही है ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो।

राहुल गांधी पर साधा निशाना

NEET मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लगातार हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी को बयान देने की आदत है।

उन्होंने कहा, ‘अब राहुल गांधी के हर बयान को गंभीरता से लेना बंद कर देना चाहिए। वे क्या-क्या बोलते हैं, इस पर हर बार प्रतिक्रिया देने से उनकी राजनीतिक अहमियत बढ़ती है।

CBI जांच और संसदीय समिति का जिक्र

इस मामले में बिहार सरकार के मंत्री संजय सरावगी ने भी केंद्र सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को संसदीय समिति के समक्ष बुलाया गया था।

हालांकि संसदीय समिति की कार्यवाही गोपनीय होती है और उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है।

एजेंसी लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। संजय सरावगी ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के पक्ष में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष तरीके से चल रही है और दोषियों पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *